आज़मगढ़। दी किसान सहकारी चीनी मिल सठियांव के मुख्य गन्ना अधिकारी भीम कुशवाहा को उत्तर प्रदेश चीनी मिल संघ लखनऊ ने जांच में लापरवाही पाए जाने पर निलंबित कर दिया है। 17 दिसंबर को निलंबन के बाद उन्हें लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है। मुख्य गन्ना अधिकारी के पद पर अभी तक कोई तैनाती नहीं हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चीनी मिल के परिक्षेत्र के किसानों ने शिकायत की थी कि उनके गन्ने का क्रय करते समय नियमों की अनदेखी की जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों की यह समस्या जन प्रतिनिधियों तक भी पहुंची, जिन्होंने सठियांव जाकर प्रबंधन के सामने इसे रखा।
इसके बाद उत्तर प्रदेश चीनी मिल संघ लखनऊ ने मामले की जांच करवाई। जांच में शिकायत को सही पाए जाने पर मुख्य गन्ना अधिकारी भीम कुशवाहा को निलंबित कर दिया गया। इससे चीनी मिल के प्रबंधन में हड़कंप मच गया। चीनी मिल के जीएम विकास सिंह ने बताया कि किसानों की शिकायत के आधार पर जांच हुई थी और मामला सही पाए जाने पर ऊपर से कार्रवाई की गई।
