रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया, आज़मगढ़। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं श्रम प्रकोष्ठ क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्र ने सपा नेताओं पर पल्हना ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह उर्फ सोनू सिंह को बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराए सपा नेता अराजकता फैलाने की साजिश कर रहे हैं।
बता दें कि हाल ही में ब्लॉक प्रमुख पर दो युवकों को घर बुलाकर पिटाई करने का आरोप लगा है। पीड़ित विवेकानंद यादव ने समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। इस पर सपा जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी थी कि यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पार्टी आंदोलन करेगी।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए रमाकांत मिश्र ने कहा कि अनुराग सिंह एक कर्मठ और संघर्षशील नौजवान हैं। वह समाज की सेवा करने में हमेशा अग्रणी रहते हैं। मिश्र ने आरोप लगाया कि सपा नेताओं से जुड़े कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से झूठे आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में पल्हना ब्लॉक क्षेत्र की एक युवती को प्रेमजाल में फंसाकर प्रताड़ित किया गया था, जिसकी मदद स्वयं ब्लॉक प्रमुख ने की थी। इसी घटना से बौखलाई सपा अब षड्यंत्र रच रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बहन-बेटियां पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि सपा के शासनकाल में अपराध और अराजकता चरम पर रही थी। सपा जिलाध्यक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए उन्होंने तंज कसा कि शीशे के घर में रहने वाले दूसरों के घर पर पत्थर नहीं फेंका करते।
