आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में दबंगों द्वारा महिला की पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल महिला को इलाज के लिए लालगंज के 100 सैया संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पीड़िता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चिरकिहिट गांव निवासी मीरा देवी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी पप्पू, सोनू, मुकेश व राकेश पुत्रगण रिबई ने पुरानी रंजिश के चलते रविवार की सुबह उनकी सास धनदेई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और जमकर पिटाई की।
आरोप है कि जब मीरा देवी अपनी सास को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ छेड़खानी की और जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट में घायल महिला को इलाज के लिए लालगंज के 100 सैया संयुक्त अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
वहीं इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। पुलिस जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह रही है।
