आजमगढ़ । जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में स्टांप पेपर पर फर्जी हस्ताक्षर कर दस लाख रुपये की जबरन वसूली मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर आईजी वाराणसी के निर्देश से पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कटघर लालगंज निवासी सुफियान अहमद ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले के ही केशव सोनकर का उसकी दुकान पर पहले से आना-जाना था। एक दिन आरोपी दुकान पर पहुंचा और उधार में सामान मांगने लगा। सुफियान ने उधार देने से इनकार किया तो आरोपी नाराज होकर धमकी देते हुए चला गया। वर्ष 2023 में सुफियान विदेश चला गया और दो साल बाद वापस लौटकर फिर से दुकान चलाने लगा।

आरोप है कि इसी बीच केशव सोनकर ने स्टांप पेपर पर सुफियान का फर्जी हस्ताक्षर बनाकर 10 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। रुपये न देने पर धमकी दी गई और मुकदमे में फंसाने की बात कही गई। पीड़ित ने छह जनवरी को हस्ताक्षरयुक्त चेक और संबंधित दस्तावेज एसएसपी को सौंपकर जांच की मांग की थी। कार्रवाई न होने पर उसने आईजी वाराणसी से गुहार लगाई।

आईजी के निर्देश पर देवगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।