रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी

आज़मगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के ओरील गांव में बृहस्पतिवार को 23 वर्षीय नरेंद्र बिंद की प्रेम प्रसंग में बेरहमी से पीट-पीटकरहुई  हत्या के मामले में मृतक के पिता रामकिशुन बिंद की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमिका *******, नीरज, अनिल, शंकर और मामा गोविंद के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो गया है कि सिर पर लगी चोट के कारण ही नरेंद्र की मौत हुई

जानकारी के अनुसार, जौनपुर जनपद के सरपतहां थाना क्षेत्र के सुइथाकला (धमहकपुरा) गांव निवासी नरेंद्र बुधवार की दोपहर अपने ननिहाल फूलपुर, कोतवाली क्षेत्र के सरैया आलमपुर का पुरवा जाने के लिए घर से निकला था। वहां रात बिताने के बाद बृहस्पतिवार की सुबह अपने ममेरे भाई राम अवतार के साथ लौट रहा था। रास्ते में नहर के पास उसने राम अवतार को छोड़कर ओरील की ओर रुख किया।

ओरील के पहले खेत में चकरोड के पास आरोपियों नीरज, अनिल, प्रियंका, शंकर और गोविंद ने नरेंद्र को पकड़कर पीटा। घायल अवस्था में नरेंद्र ने फोन कर राम अवतार को सूचना दी कि उसे इन पांचों ने मारकर खेत में फेंक दिया है। जब तक परिजन पहुंचे, तब तक नरेंद्र की मौत हो चुकी थी।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पिता की तहरीर पर प्रेमिका सहित कुल पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में  सिर पर चोट लगने के कारण मौत हुई। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा