आज़मगढ़। श्री गुरु गोविंद  सिंह जी के 359वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर श्री सुंदर गुरुद्वारा मातबरगंज में श्रद्धा और सादगी के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार को सुबह 11 बजे शब्द कीर्तन का शुभारंभ हुआ, जो दोपहर 2:30 बजे तक चला। इस दौरान गुरुद्वारे में उपस्थित संगत गुरुबाणी से निहाल होती रही, जिसमें महिलाओं और बच्चों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।


शब्द कीर्तन के उपरांत गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष समस्त समाज एवं मानवता के कल्याण के लिए अरदास की गई। इसके बाद कड़ाह प्रसाद का वितरण हुआ और गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। लंगर में सभी धर्मों के लोगों ने सहभागिता कर गुरु जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।


उल्लेखनीय है कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाशोत्सव 27 दिसंबर 2025 को शहीदी सप्ताह को श्रद्धांजलि देते हुए सादगीपूर्वक मनाया गया था। गुरुद्वारे में आए विभिन्न धर्मों के लोगों ने गुरुबाणी का श्रवण किया और गुरु जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।