रिपोर्ट:आशीष निषाद
अतरौलिया (आजमगढ़)। चकमार्ग की पैमाइश के दौरान बुढ़नपुर तहसील के ग्राम कौड़िया में राजस्व टीम पर हमला कर सरकारी काम को बाधित करने का गंभीर मामला सामने आया है। लेखपाल से धक्का-मुक्की, अभद्रता और धमकी दिए जाने की घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को तहसीलदार बूढ़नपुर के आदेश के क्रम में राजस्व टीम पुलिस बल के साथ ग्राम कौड़िया पहुंची थी। टीम गाटा संख्या 366 व 345 से संबंधित चकमार्ग का सीमांकन कर रही थी। दोपहर करीब 2 बजे पैमाइश के दौरान चकमार्ग से सटे चकदार और उनके परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया।
लेखपाल सुमित कुमार द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि राजाराम, शनि राजभर, जय सिंह, राम सिंह और शेर सिंह राणा ने एकजुट होकर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। आरोप है कि आरोपियों ने पैमाइश में उपयोग की जा रही जरीब (जंजीर) फेंक दी और सरकारी नक्शा भी फाड़ दिया। जब लेखपाल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और चौराहे पर “देख लेने” की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कप्तानगंज में आरोपियों के विरुद्ध सरकारी कार्य मे बाधा डालने सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच उप-निरीक्षक प्रिंस मिश्रा को सौंपी गई है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
