आजमगढ़ । जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का शिकार हुए एक युवक को पुलिस की तत्परता से राहत मिली है। साइबर अपराधियों द्वारा खाते से निकाली गई ₹30,002 की पूरी धनराशि पुलिस के समन्वय से पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
थाना सिधारी जनपद आजमगढ़ क्षेत्र के नरौली निवासी रविन्द्र मौर्या पुत्र हरिश्चन्द्र मौर्या के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल किया। कॉलर ने खुद को उनके दोस्त का परिचित बताते हुए कहा कि “तुम्हारे दोस्त ने पैसे भेजने को कहा है, चेक करो।”
चूंकि रविन्द्र के मित्र ने पहले उनसे उधार लिया था, इसलिए वह बातों में आ गए। जैसे ही उन्होंने मोबाइल पर रकम चेक की, उनके बैंक खाते से ₹30,002 कट गए। बाद में समझ में आया कि उनके साथ साइबर फ्रॉड हुआ है।
पीड़ित ने तत्काल ऑनलाइन NCRP पोर्टल पर साइबर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना सिधारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक और पोर्टल से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद पूरी धनराशि ₹30,002 सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
राशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।
