आजमगढ़। जिले के लालगंज क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को क्षेत्राधिकारी द्वारा बरदह थाने का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

लालगंज क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को थाना बरदह का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले थाना परिसर का भ्रमण किया और कार्यालय व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। इसके बाद विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच करते हुए उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी ने थाने में साफ-सफाई की स्थिति को भी देखा और परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी।
इसके साथ ही क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पाण्डेय ने आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने, त्वरित कार्रवाई करने तथा शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार जनहितैषी होना चाहिए, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।