आजमगढ़। कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी के बड़े मामले में पुलिस ने कार्रवाई और सख्त कर दी है। फरार आरोपी विपेंद्र के खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित करने के बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध लुकआउट नोटिस जारी करते हुए पासपोर्ट भी निरस्त कर दिया है। वहीं, इस तस्करी के मास्टरमाइंड बताए जा रहे आरोपी विकास की लोकेशन विदेश में मिलने की जानकारी सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोडीनयुक्त कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त के इस नेटवर्क में आजमगढ़, बलिया और मऊ की कुल 13 फर्में संलिप्त पाई गई हैं। जांच में सामने आया है कि इन फर्मों से करीब 12 लाख सिरप की शीशियां खरीदी गई थीं, जिन्हें आजमगढ़ की एक फर्म को बेचा गया। शेष सिरप अन्य जनपदों में खपाई गई, जबकि बड़ी खेप बांग्लादेश तक पहुंचाई गई।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड आरोपी विकास सिंह है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस को उसकी लोकेशन दुबई में मिलने की सूचना मिली है। वहीं, एक अन्य आरोपी विपेंद्र भी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। देश छोड़कर भागने की आशंका के चलते पुलिस ने उसके खिलाफ पहले ही सख्त कदम उठाते हुए लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकाल रही है, जबकि साइबर सेल बैंक खातों और लेन-देन की गहन जांच में जुटी है। पुलिस संबंधित केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। साथ ही उनके सीडीआर निकाले जा रहे हैं। साइबर सेल बैंक स्टेटमेंट खंगाल रही है। अभी तक की जांच में विकास की लोकेशन दुबई में मिल रही है तो विपेंद्र का पासपोर्ट निरस्त करते हुए उसके विरुद्ध लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।
