रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया/आज़मगढ़। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर क्षेत्र में देशभक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर अतरौलिया क्षेत्र के सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण कर संविधान दिवस के रूप में गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।


इसी क्रम में पटेल चौक पर समाजसेवी शिवमूर्ति सिंह एवं पूर्व सैनिक शिव प्रसाद सिंह के नेतृत्व में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं मदियापार स्थित शहीद उपवन में वर्ष 1962 के अमर शहीद भगवती प्रसाद सिंह की प्रतिमा के समीप डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में तिरंगा झंडा फहराकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया में स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. हरिश्चंद्र के नेतृत्व में ध्वजारोहण किया गया।

इसी क्रम में अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 सैया अस्पताल में स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. दिनेश सिन्हा एवं राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में तिरंगा फहराया गया, जिसके उपरांत अस्पताल परिसर में प्रभात फेरी निकाली गई।


इसके अलावा खंड विकास कार्यालय, थाना परिसर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मदरसा बसीरतुल उलूम सहित अन्य शिक्षण एवं शासकीय संस्थानों में भी ध्वजारोहण कर 77वां गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालयों में बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोहों के दौरान लोगों ने एकजुट होकर देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति आस्था व्यक्त की।