रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के बिशुनपुर कोलापट्टी गांव में सोमवार की रात 25 वर्षीय विवाहिता अंजली की संदिग्ध हालात में मौत से हड़कंप मच गया। महिला का शव कमरे में साड़ी के फंदे से झूलता मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतका के मायके वालों को सूचित किया।

मृतका के पिता रामभुवन राम, जो कि रिक्शा चालक हैं, ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी अंजली की शादी साल 2023 में रंजीत राम से हुई थी। विवाह के समय ससुराल पक्ष द्वारा बाइक की मांग की गई थी, जो वह पूरी नहीं कर सके। इसी बात को लेकर अंजली को अक्सर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

पिता का आरोप है कि बेटी की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि आत्महत्या का रूप दिया जा सके। उन्होंने अंजली के पति रंजीत राम समेत पाँच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

थाना प्रभारी  सुनील सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा होगा।