आजमगढ़।  सर्वोदय महिला पीजी कॉलेज में “प्रगति स्वाभिमान और सफलता 2.0” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं समन्वयकों की उपस्थिति में छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) मनोज मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. नदीम (स्टेट कोऑर्डिनेटर, मीना मंच), अंशुमान सिंह (जिला समन्वयक, आजमगढ़), अनिल कुमार चौरसिया (डीसी, मऊ), जंगबहादुर सिंह (नोडल, आजमगढ़) तथा अनीता यादव (नोडल, मऊ) शामिल रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ आत्मसम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास का मंच प्रदान करना था। इस दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।

कार्यक्रम की सफलता में किरण यादव, शुलभा राय, प्रिया सिंह, सरोज मौर्य, पूजा पांडे, शैलेश सिंह, सुधीर सिंह, कृष्ण कुमार शुक्ला एवं विनोद सिंह का विशेष योगदान रहा। अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।