आजमगढ़। जिले के लालगंज तहसील के बसही अकबालपुर गांव के ग्राम प्रधान पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
बसही अकबालपुर गांव निवासी हैदर अली पुत्र निजामुद्दीन ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोप लगाया कि उनके गांव के ग्राम प्रधान साल्ही पुत्र सुफियान लगभग 15 वर्षों से पद पर हैं। शिकायत में कहा गया है कि ग्राम प्रधान अपने दबंग और मनबढ़ व्यवहार के बल पर ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार कर रहे हैं। आरोप है कि गरीबों के जॉब कार्ड नहीं बनाए गए जबकि अमीरों को बनवाए गए। कॉलोनी आवास के नाम पर पांच-पांच हजार रुपये वसूले गए। अमृतसरोवर के नाम पर 1,80,000 रुपये भुगतान करने के बावजूद कोई कार्य नहीं कराया गया। हैदर अली ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
