आजमगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार का शासन स्तर से तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान पर अजय कुमार को नया डीआईओएस नियुक्त किया गया है। यह तबादला वेतन भुगतान और परीक्षा केंद्रों में मनमानी से जुड़े गंभीर आरोपों के बाद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अब अजय कुमार आजमगढ़ के नए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) होंगे। वर्तमान में अजय कुमार श्रावस्ती में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पद पर तैनात थे। वहीं उपेंद्र कुमार को सहायक शिक्षा निदेशक, भवन मुख्यालय प्रयागराज भेजा गया है।
हाल ही में वेतन भुगतान को लेकर शिक्षक के पुत्र-पुत्री ने डीआईओएस उपेंद्र कुमार पर 25 लाख रुपये घूस लेने और 17 लाख रुपये और न देने पर वेतन रोकने का गंभीर आरोप लगाया था। इसी मामले को लेकर संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ था। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर जांच के आदेश भी दिए गए थे।
इसके पहले यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में मनमानी और अवैध वसूली की शिकायतें भी जिलाधिकारी रविंद्र कुमार को मिली थीं। इस पर कार्रवाई करते हुए डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार को परीक्षा संबंधी कार्यों से अलग कर दिया था।
डीएम की इस कार्रवाई के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक मेडिकल अवकाश पर चले गए थे। जिलाधिकारी द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर शासन ने तत्काल प्रभाव से उपेंद्र कुमार को आजमगढ़ से हटाकर प्रयागराज से अटैच कर दिया है।
