आज़मगढ़। नगर के डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान में रविवार को जिला पैरा ओलंपिक संघ द्वारा जिला स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जॉइंट मजिस्ट्रेट सुनील कुमार धनवंता ने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकी वर्गों में लगभग 100 दिव्यांग खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपना हुनर और जज़्बा दिखाया। हाथ, पैर, दृष्टि बाधित और बौनापन जैसी शारीरिक चुनौतियों से जूझ रहे खिलाड़ियों ने जनपद के दूर-दराज़ क्षेत्रों से आकर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रमुख प्रदर्शन
100 मी. बालिका वर्ग – बिट्टू यादव
100 मी. पुरुष वर्ग – अल्ताफ़ जावेद
जैवलिन थ्रो (व्हीलचेयर वर्ग) – अरुण वर्मा, रोशन
जैवलिन थ्रो (टी-45 श्रेणी, जूनियर वर्ग) – राहुल निषाद और साक्षी चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया
जॉइंट मजिस्ट्रेट सुनील धनवंता ने पैरा संघ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांग सशक्तिकरण के लिए यह एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने दिव्यांग खिलाड़ियों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया।
संघ के अध्यक्ष सौरभ राय ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में दिव्यांग खिलाड़ियों में खेल को लेकर जागरूकता की कमी है, लेकिन संघ लगातार इन क्षेत्रों से खिलाड़ियों को आगे लाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में संघ ने लगभग 100 खिलाड़ियों को जिला एवं राष्ट्रीय स्तर पर मेडल दिलाया है।
कार्यक्रम के अंत में संघ के सचिव व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अजय मौर्य ने मुख्य अतिथि और सभी खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया।
