आजमगढ़। मण्डलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में सोमवार को मण्डलायुक्त सभागार में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की चतुर्थ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।
मण्डलायुक्त ने एनएचएआई को हाईवे पर बने सभी अवैध कट तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने, एम्बुलेंस एवं क्रेन की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया।


उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 में आयोजित होने वाले सड़क सुरक्षा माह को सभी स्टेकहोल्डर विभाग पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ मनाएं। इस दौरान आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।


मण्डलायुक्त ने ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए नियमित चालान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ठंड के मौसम में कोहरे को देखते हुए वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर लगाने तथा स्कूली वाहनों की विशेष जांच कराने को भी कहा गया। मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने ब्लैक स्पॉट के पास एम्बुलेंस तैनात रखने एवं कटर मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी मऊ प्रवीण मिश्रा, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक मऊ इला मारन, पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आजमगढ़ चिराग जैन सहित परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, यूपीडा, मोटर यूनियन के प्रतिनिधि व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।