आजमगढ़। जिले में होली के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।

मिली जानकारी के अनुसार आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने होली की पूर्व संध्या पर जनपद वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने जनपदवासियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी सद्भाव, प्रेम और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करने वाला त्योहार है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग अपने परिवारजनों और सहयोगियों के साथ हंसी-खुशी एवं हर्षोल्लास के साथ होली का पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि यह पर्व एक-दूसरे के प्रति स्नेह, सहयोग और अपनत्व की भावना को बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि होली परंपरागत और शांतिपूर्ण तरीके से मनाई जाए। किसी भी व्यक्ति को जबरदस्ती रंग न लगाया जाए और ऐसा कोई भी कार्य न किया जाए जिससे किसी की भावनाएं आहत हों।
साथ ही जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना या अफवाह की स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम नंबर 9454417172 पर सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने अंत में सभी से मिल-जुलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने और जिले में शांति एवं भाईचारे की परंपरा को बनाए रखने का आह्वान किया।