आजमगढ़। जनपद में 27 जुलाई 2025 को आयोजित समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी आदि (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में नेहरू हाल सभागार में समस्त सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट व केन्द्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रशिक्षण दिलाया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में जनपद के 29 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 13,296 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। सभी केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील व सही दिशा में लगे हों, यह सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक केन्द्र पर एक सेक्टर व एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो पूरी परीक्षा अवधि में केन्द्र पर उपस्थित रहेंगे और गोपनीय सामग्री की देखरेख करेंगे।

उन्होंने निर्देश दिया कि केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पानी, जनरेटर आदि की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। कक्ष निरीक्षकों की 50% तैनाती संबंधित विद्यालय से बाहर के शिक्षकों की होनी चाहिए। सभी कक्ष निरीक्षकों की ट्रेनिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए, अनुपस्थित रहने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बायोमेट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य बताते हुए केन्द्रवार सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। परीक्षा दिवस को धारा 163 के अंतर्गत परीक्षा केन्द्रों से 200 मीटर की परिधि में गैर-जरूरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और 100 मीटर के क्षेत्र में फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या शस्त्र के साथ प्रवेश वर्जित होगा।

डीएम ने सभी स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट को परीक्षा समाप्ति के उपरांत उत्तर पुस्तिकाएं सील कराकर डाकघर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी। साथ ही रोडवेज अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों के लिए सुगम परिवहन सुनिश्चित करें।

परीक्षा केन्द्रों पर रूट चार्ट व सूचना होर्डिंग्स परीक्षा के दो दिन पूर्व प्रमुख स्थलों पर लगाए जाएं। कंट्रोल रूम से समन्वय के लिए सम्पर्क नंबर भी साझा किए गए हैं।