आजमगढ़। जिले में संगठित अपराध और गंभीर वारदातों पर सख्ती दिखाते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। चोरी, लूट, सामूहिक दुष्कर्म, गो-तस्करी और पुलिस पर हमले जैसे मामलों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला मजिस्ट्रेट रविन्द्र कुमार ने बृहस्पतिवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों को देखते हुए कुल 21 अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र में चोरी और नकबजनी के मामलों में पंकज गुप्ता तथा अभय गोंड उर्फ बहादुर गोंड के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। वहीं सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो वायरल करने के मामले में आदित्य उर्फ पिलुआ, सुमित, अभिषेक पुत्र लालधर और अभिषेक को चिन्हित किया गया है।
फूलपुर थाना क्षेत्र में गोवंश तस्करी के मामलों में अब्दुल्लाह और अनीस के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास और पुलिस बल पर हमले के मामलों में हेसाम और फरीद को सूचीबद्ध किया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में गिरोह बनाकर चोरी और लूटपाट करने के आरोप में विशाल चौहान, अंकित वर्मा, रोशन गुप्ता, विजय वर्मा उर्फ कोमल और पवन सेठ के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा जहानागंज थाना क्षेत्र में लूट और डकैती के मामलों में शैलेश यादव उर्फ बूड़े, ज्ञान प्रकाश उर्फ विज्ञानी, विशाल यादव, धनंजय गिरी, आकाश शर्मा उर्फ आर्यन और साजन तिवारी को भी गैंगस्टर एक्ट के तहत चिन्हित किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि संगठित अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
