आजमगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने आज जनसुनवाई और भ्रमण/निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक जहानागंज में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में विद्यालय की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं, अध्यापन का कार्य सुचारु था और बच्चे खुशहाल दिखाई दिए। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय जहानागंज और पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया, जिसमें उपस्थिति पंजिका और सभी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया

निरीक्षण के क्रम में जिला कारागार आजमगढ़ का दौरा भी किया गया। कारागार में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। शौचालय की सफाई कराने के निर्देश दिए गए और रसोईघर की व्यवस्थाओं की जांच की गई। इसके पश्चात जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया गया, जहां मरीजों से मिलकर उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली गई और व्यवस्थाओं को सही पाया गया।

अध्यक्षा के रूप में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवजात कन्याओं का स्वागत रोली-चंदन, उपहार स्वरूप बेबी किट, कम्बल, मिठाई और माला पहनाकर किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को स्वालम्बी और आत्मनिर्भर बनने के लिए जागरूक किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा महिला कल्याण विभाग की योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, महिला थानाध्यक्ष, जिला प्रोबेशन अधिकारी और वन स्टॉप सेंटर के सभी कर्मी उपस्थित रहे।