रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली पुलिस टीम ने अंतर्जनपदीय वाहन चोरी करने वाले चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पाँच मोटर साइकिल, दो तमंचा , दो जिन्दा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गुरुवार को थानाध्यक्ष फूलपुर सच्चिदानंद यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि पाँच व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल के साथ जगदीशपुर गिट्टी प्लांट से आगे झाड़ियों में इकट्ठा हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर चार अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए अभियुक्तों में आशुतोष तिवारी उर्फ आजाद तिवारी पुत्र विजय तिवारी निवासी ग्राम कोहडउरा थाना गम्भीरपुर, प्रिंस तिवारी पुत्र स्व. बृजेश तिवारी निवासी ग्राम कोहडउरा थाना गम्भीरपुर , अफसर अहमद पुत्र स्व. अजीमुल्लाह निवासी ग्राम जगदीशपुर तथा मोहम्मद कामरान पुत्र मोहम्मद फारुख निवासी मोहम्मदपुर चौक थाना गम्भीरपुर शामिल हैं।

एसपी ग्रामीण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के एक गिरोह है जिसमे पाँच लोग है, जो सामूहिक रूप से पहले किसी स्थान की रेकी करते हैं और फिर चोरी की मोटरसाइकिलों के नंबर प्लेट व चेचिस नंबर मिटाकर पेंट कर उनकी पहचान छिपाकर बेच देते हैं। प्राप्त आमदनी को आपस में बराबर बाँटकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके साथ आदर्श तिवारी पुत्र स्व. त्रिभुवन तिवारी निवासी ग्राम रामेश्वर पेट्रोल पम्प के पास हरहुआ जनपद वाराणसी भी आपराधिक घटनाओं में शामिल रहता है। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
