आजमगढ़। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के क्रम में बिंद्रा बाजार स्थित बॉम्बे अलमीरा फैक्टरी को सील किए जाने के मामले में अब फैक्टरी संचालक ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है।


फैक्टरी संचालक अहमद शेख ने बताया कि  उनके पास “डीलक्स त्रिवेणी” नाम से विधिवत ट्रेडमार्क लाइसेंस मौजूद है, जिसकी जानकारी जांच के दौरान कमिश्नर और टीम को दी गई थी। उनका कहना है कि लाइसेंस होने के बावजूद जांच और सीलिंग की कार्रवाई की गई, जिससे भ्रम की स्थिति बनी है। फैक्टरी पक्ष का दावा है कि वे सभी वैध दस्तावेज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेंगे और उन्हें पूरा भरोसा है कि अदालत में सच्चाई सामने आएगी।


उन्होंने यह भी कहा कि उनके द्वारा बनाए जा रहे उत्पाद “डीलक्स त्रिवेणी” नाम से हैं, जो उनके पंजीकृत ट्रेडमार्क के अंतर्गत आते हैं और इस संबंध में किसी भी प्रकार की गलत मंशा नहीं है। उन्होंने जल्द ही अपना पक्ष दिल्ली हाईकोर्ट में रखने की बात कही है।

फिलहाल मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अंतिम स्थिति अदालत के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी।