रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में नकली उत्पादों की बढ़ती सप्लाई पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और ब्रांडेड कंपनियां सक्रिय हो गई हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सरायमीर थाना पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों के साथ मिलकर एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यह फैक्ट्री खादन पट्टी क्षेत्र में स्थित थी, जहां नामी कंपनियों के उत्पादों की नकल कर नकली सामान तैयार किया जा रहा था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 50 हजार रुपये मूल्य का माल जब्त किया। फैक्ट्री में खुले सरसों के तेल को बोतलों में भरकर नामी ब्रांड के रूप में बेचा जा रहा था। इसके अलावा घटिया केमिकल से नकली टॉयलेट क्लीनर तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। मौके से भारी मात्रा में भरी और खाली बोतलें, कंपनियों के रैपर, स्टीकर, केमिकल और तेल बरामद हुए।

पुलिस ने मौके से आरोपी सन्नी गौड़ निवासी कदनपट्टी, थाना सरायमीर को हिरासत में ले लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास किसी प्रकार का खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण नहीं था। कंपनी प्रतिनिधि नीरज गौड़ की तहरीर पर पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

सरायमीर थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है, जबकि इस अवैध कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नकली उत्पाद बनाने वाले गिरोहों पर लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।