आज़मगढ़। जिले के तरवां थाना क्षेत्र के नवापुरा सुल्तानपुर गांव में रविवार रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लोटन राजभर (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गांव में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोटन राजभर की पत्नी शीला एक दिन पहले ही अपने मायके कटाई (मेंहनगर) गई हुई थी। उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। रविवार शाम लगभग सात बजे किसी बात से मानसिक रूप से आहत होकर लोटन ने घर के अंदर करकट की छत की बल्ली में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
जब काफी देर बाद परिजन लौटे, तो उन्होंने लोटन को फंदे से लटका पाया। उन्होंने तुरंत गांव वालों को और फिर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तरवां थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के कारणों की जांच की जा रही है। लोटन राजभर एक पुत्र और दो पुत्रियों का पिता था। उसकी मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
