आजमगढ़। बेरोजगारी के नाम पर 20 लाख की ठगी, छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी
आजमगढ़ । जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर निवासी रामप्रसाद चौहान ने आरोप लगाया कि उनके दो बेरोजगार पुत्रों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर छह आरोपियों ने कुल 20,39,000 रुपये की ठगी की। पीड़ित ने पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी परिक्षेत्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ मंडल, पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ और मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
रामप्रसाद के अनुसार, रोजगार की तलाश के दौरान उनकी मुलाकात सुमित कुमार निवासी चक हपसापुर, थाना भीमपुरा, बलिया से हुई। सुमित ने उन्हें रोशन कुमार और बाद में नीलेश कुमार (दोहरीघाट, मऊ) व आदित्य सिंह से मिलवाया।

आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके पुत्र अभय चौहान और रोशन चौहान को नौकरी का झांसा दिया और किस्तों में नकद व ऑनलाइन माध्यम से रकम वसूल की। देवरिया में 8 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक खातों से फोन-पे के माध्यम से सुष्मिता कुमारी और सुनील कुमार खरवार के खातों में कुल 12,39,000 रुपये ट्रांसफर किए गए।
भरोसा दिलाने के लिए 11 जुलाई 2025 को अभय के खाते में 21,500 रुपये वेतन के रूप में नेफ्ट भेजे गए, ताकि नौकरी लगने का विश्वास बना रहे। लंबे समय तक नियुक्ति पत्र न मिलने पर जब रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।


मुबारकपुर पुलिस ने सुमित कुमार, रोशन कुमार, नीलेश कुमार, आदित्य, सुष्मिता कुमारी और सुनील कुमार खरवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।