आज़मगढ़ । जिले में क्रिसमस पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट मोड में है। मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में छापेमारी तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में बेकरी उत्पादों और उनके कच्चे माल की जांच के दौरान कई नमूने लिए गए, जबकि लापरवाही मिलने पर खाद्य कारोबारियों को सुधार सूचना भी जारी की गई।

क्रिसमस पर्व के दृष्टिगत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी आज़मगढ़ के निर्देश पर जिले में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य आम जनमानस को विक्रय होने वाले केक, पेस्ट्री, विभिन्न फ्लेवर के स्पेशल क्रिसमस ड्राई केक सहित अन्य बेकरी उत्पादों और इनके निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करना था।
गठित टीम द्वारा सरायमीर क्षेत्र में दो प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर केक, क्रीम ब्रेड, मैदा और  बिस्किट का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं नरौली चौराहे से विप्ड क्रीम और  चॉकलेट केक का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की दूसरी टीम ने मैदा और  वनस्पति का नमूना भी जांच के लिए एकत्र किया। इस प्रकार कुल आठ खाद्य नमूने संग्रहित किए गए।


निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रख-रखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर कुल 04 खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध सुधार सूचना जारी करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की गई। साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप भी चस्पा कराया गया।


सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आज़मगढ़ सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि क्रिसमस पर्व को देखते हुए यह छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी बेस्ट बिफोर और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें तथा अत्यधिक चमकीली और रंगीन मिठाइयों व खाद्य पदार्थों से परहेज करें।


उन्होंने खाद्य कारोबारियों को भी निर्देशित किया कि वे स्वच्छ परिस्थितियों में गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का निर्माण व विक्रय करें, निर्धारित मात्रा में ही खाद्य रंगों का प्रयोग करें और शुद्ध व ताजा सामग्री ही बाजार में उपलब्ध कराएं।

उक्त छापेमार दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार, गोविन्द यादव, सुचित प्रसाद, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, अमर नाथ, राजीव कुमार सिंह, संजय कुमार तिवारी एवं बेबी सोनम शामिल रहीं