आजमगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के खेमीपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बीते नौ फरवरी  की सुबह  खेमीपुर निवासी सरिता पत्नी वासुदेव ने थाना पवई में तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर कमलेश बिन्द, रतीलाल, रोहित और चन्द्रेश ने उसके घर के पास पति वासुदेव और सास निन्हकी को गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में वासुदेव और निन्हकी के सिर पर गंभीर चोटें आईं, वासुदेव के सीने में भी गंभीर चोट लगी तथा नाक से रक्तस्राव हुआ। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। बुधवार को उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरायपुल तिराहा से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश बिन्द,  रतीलाल,  रोहित और चन्द्रेश  शामिल हैं।