आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के गले से माला और लॉकेट चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में चार महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार करते हुए चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को थाना अहरौला क्षेत्र के खानपुरचन्दू गांव निवासी रामचन्दर पुत्र रामदेव ने अपनी माता के गले से माला व लॉकेट चोरी होने की तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक नितेश कुमार चौबे ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए चारों नामजद महिला अभियुक्ताओं—मीना, अर्चना, अनुष्का और पिंकी को थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी गया माला और लॉकेट बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर सील कर दिया। पुलिस ने सभी अभियुक्ताओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।