रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के  फूलपुर तहसील क्षेत्र के शेखपुर पिपरी गांव के लिए सोमवार की रात गर्व और उत्साह से भरी रही, जब गांव के चार युवाओं का यूपी पुलिस में आरक्षी बनने पर ग्रामीणों ने सम्मान किया। प्रशिक्षण पर रवाना होने से पहले इन होनहारों को फूल-मालाओं से लादकर गौरवपूर्ण विदाई दी गई। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा हाल ही में घोषित पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम में शेखपुर पिपरी गांव के ज्वाला यादव, दीपक यादव, विशाल यादव तथा सूर्यनाथ यादव का चयन हुआ है। उनके चयन पर गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हरिवंश यादव ने की। उन्होंने चारों युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि इनकी सफलता पूरे गांव के लिए प्रेरणा है। यह गांव की शिक्षा और मेहनत की पहचान है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछली भर्ती में भी गांव के चार युवाओं का चयन हुआ था, जिससे यह साबित होता है कि शेखपुर पिपरी अब शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में अग्रणी बन रहा है। इस मौके पर श्यामलाल यादव, मो. असलम, मुंशीलाल, अशोक यादव, अजीत यादव, चंद्रशेखर यादव, सुरेंद्र यादव समेत काफी संख्या में लोगों ने उनका सम्मान किया।