रिपोर्ट:अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के कन्धरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। अभियुक्ता पर तंत्र–मंत्र के नाम पर गंभीर अपराधों में संलिप्त रहने का आरोप है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना कन्धरापुर, जनपद आजमगढ़ में गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत वांछित चल रही अभियुक्ता शबनम पत्नी चन्दू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया गया कि बीते जुलाई माह में वादी द्वारा थाना कन्धरापुर में प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया कि अभियुक्त चन्दू पुत्र फूलचन्द एवं उसकी पत्नी शबनम तंत्र–मंत्र/ओझाई का कार्य करते हैं।
आरोप है कि छह जुलाई की रात्रि आठ बजे अभियुक्त चन्दू तंत्र–मंत्र करने के बहाने वादी की पुत्री को घर से बुलाकर ले गया, जहां अभियुक्त चन्दू, उसके दो सहयोगी एवं उसकी पत्नी शबनम ने मिलकर पीड़िता के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर तंत्र विद्या का हवाला देते हुए पीड़िता का गला घोंट दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसके बाद सभी अभियुक्त शव छोड़कर फरार हो थे।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त चन्दू पहले दिहाड़ी मजदूरी करता था, लेकिन बाद में अपनी पत्नी शबनम के साथ मिलकर तंत्र–मंत्र और टोना–टोटका के नाम पर लोगों से धन उगाही करने लगा। गिरोह द्वारा पीड़ित महिलाओं और लड़कियों के साथ अभद्र व अनैतिक कृत्य किए जाते थे। शराब, मुर्गा, बकरा आदि का सेवन कर तंत्र–मंत्र के नाम पर पीड़ितों को भी जबरन शराब पिलाई जाती थी। भय के चलते लोग इनके खिलाफ शिकायत करने से कतराते थे।
उक्त तथ्यों के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई। रविवार को थाना कन्धरापुर पर उ0प्र0 गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 पंजीकृत किया गया।
रविवार को प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्ता शबनम पत्नी चन्दू, निवासी ग्राम अवती पहलवानपुर, थाना कन्धरापुर, जनपद आजमगढ़ को आजमपुर चौराहे से 200 मीटर दूर बिलरियागंज मार्ग पर रोड किनारे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अन्य अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
