आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र से एक ऐसी दिलचस्प कहानी आई है, जिसे सुनकर कोई हैरान हो रहा है, तो कोई मुस्कुरा रहा है। मामला है एक विवाहिता का, जो अपने पहले पति से तलाक लिए बिना ही दूसरी बार दुल्हन बन गई और वो भी कोर्ट में!
कहानी की शुरुआत 2013 में होती है, जब एक युवक की शादी फूलपुर क्षेत्र की युवती से हुई। शादी के बाद दोनों ने मिलकर 12 साल बिताए और तीन बच्चों दो बेटे और एक बेटी की परवरिश की। सबकुछ सामान्य ही चल रहा था।
फिर आया 2025 का जनवरी महीना, जब पति परिवार के लिए कमाने बिहार चला गया। उधर, पत्नी गांव में सास और बच्चों के साथ रह रही थी। अकेलापन क्या करता, कुछ दिन बाद ही पड़ोस के एक युवक से बातचीत शुरू हुई। बातचीत कब दोस्ती में बदली और दोस्ती कब ‘खास लगाव’ में बदल गई। ये शायद किसी को पता ही न चला।
20 जुलाई को अचानक खबर फैली कि विवाहिता ने उसी युवक से कोर्ट मैरिज कर ली है। अब इसने तो पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया। जब पति को इस शादी की भनक लगी तो वह तुरंत गांव लौटा। घर पर माहौल कुछ बदला-बदला सा था और पत्नी एक नए रिश्ते में!
पति ने ससुराल पक्ष को बुलाया। एक छोटी सी पंचायत बैठी। ना लड़ाई, ना गाली-गलौज , बस कुछ चुप्पी, कुछ समझाइशें और फिर निर्णय। महिला को कहा गया, अगर यही तुम्हारा फैसला है, तो तुम जा सकती हो। और महिला अपने नए जीवनसाथी के साथ विदा हो गई , जैसे कोई नया अध्याय शुरू हो गया हो।
पति ने बड़ी शांति से कहा मैं अब इसे अपना हक़ नहीं मानता, इसका जीवन इसका फैसला।बात यहीं खत्म हो गई, लेकिन गांव के लोग अभी तक उसी में खोए हैं , कोई कह रहा है प्यार अंधा होता है, तो कोई बिहार जाना ही नहीं चाहिए था!
