आजमगढ़  जिले में आयोजित पीपिंग सेरेमनी में मुबारकपुर के प्रभारी निरीक्षक शशिमौली पांडेय को पदोन्नत कर पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टार लगाकर सम्मानित किया।

:मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को जनपद आजमगढ़ में आयोजित पीपिंग सेरेमनी कार्यक्रम के दौरान उ0प्र0 पुलिस मुख्यालय से पदोन्नत होकर पुलिस उपाधीक्षक बने प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर शशिमौली पांडे को औपचारिक रूप से स्टार लगाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ0 अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पीपिंग सेरेमनी पुलिस विभाग की एक महत्वपूर्ण परंपरा है, जिसमें पदोन्नति के बाद अधिकारी के कंधों पर नए रैंक के स्टार लगाए जाते हैं। यह सम्मान, जिम्मेदारी और उपलब्धि का प्रतीक माना जाता है। इस समारोह के माध्यम से अधिकारी के परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को सार्वजनिक रूप से सराहा जाता है। साथ ही यह उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित भी करता है

इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि शशिमौली पांडे आगे भी जनसेवा के प्रति समर्पित रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।