आजमगढ़। ‘हेलमेट है सुरक्षा का ताज, जागरूकता का दिन है आज’ कार्यक्रम के तहत आज यातायात जागरूकता माह के अंतर्गत जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अभियान के तहत कुल 251 हेलमेट आमजन को वितरित किए गए।
इस अभियान के क्रम में थाना कोतवाली क्षेत्र के अग्रसेन चौक पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर/यातायात शुभम तोदी ने आमजन को निःशुल्क हेलमेट वितरित कर, उन्हें यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक किया। अभियान अन्य थाना क्षेत्रों में भी समान रूप से संचालित हुआ, जिसमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं और अपने परिवारजनों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। ‘सुरक्षित आज, सुरक्षित कल’ के संदेश के साथ आजमगढ़ पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है।
