रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद फरार चल रहे आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना रानी की सराय क्षेत्र में 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर के दो फरार साथियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
बुधवार को थाना रानी की सराय क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 50 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर नसीम उर्फ लम्बू पुलिस फायरिंग में घायल होकर गिरफ्तार किया गया था, जिसे जिला कारागार आजमगढ़ भेज दिया गया। इसी मामले में उसके फरार साथी भुटेली उर्फ करिया और वसीम की तलाश की जा रही थी।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर थाना रानी की सराय में नसीम उर्फ लम्बू, भुटेली उर्फ करिया और वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

गुरुवार को उप निरीक्षक सुशील कुमार सिंह एवं उप निरीक्षक अमिताभचन्द हमराही कर्मचारियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त भुटेली उर्फ करिया और वसीम कोईलारी खुर्द तालाब के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर  दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त वसीम पुत्र दिलशेर की जामा तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक अदद देशी तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच में कई संगीन मामलों में उनकी संलिप्तता पहले से दर्ज पाई गई है।