रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले में गुरुवार की सुबह घने कोहरे के चलते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 254 पर कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, मेरठ जिले के थाना सरधना, ग्राम अलीपुर निवासी सात लोग ओम्नी कार से वाराणसी जा रहे थे। अचानक मुबारकपुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 254 के समीप एक ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार में सवार मृतकों में विशेष 40 वर्ष, पुत्र ओमवीर, प्रिंस 10 वर्ष, पुत्र विशेष और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। वहीं, डाली 32 वर्ष, पत्नी विशेष, उनकी पुत्री अंशिका, 12 वर्षीय पुत्र कार्तिक और कार चालक सत्या घायल हो गए। सूचना मिलते ही यूपीडा और पीआरवी के साथ मुबारकपुर थानाध्यक्ष शशिमौली पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भीषण कोहरे के बीच राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में कार्तिक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया, गुरुवार को सुबह कोहरे के चलते एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी । हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि चार लोग घायल हैं। सभी लोग मेरठ जिले के रहने वाले हैं और वाराणसी जा रहे थे।
