आज़मगढ़। जिले के  महराजगंज थाना क्षेत्र के कुंभवट गांव में मां की डांट से आहत एक किशोर ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार में मातम छा गया, पुलिस जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार कुंभवट गांव निवासी हरिवंश यादव का 15 वर्षीय बेटा आदित्य सोमवार की शाम अपनी मां से डांट खाने के बाद नाराज हो गया था। रात में भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
मंगलवार की सुबह काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर रोशनदान से झांककर देखा गया तो आदित्य का शव रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। इसके बाद किसी तरह दरवाजा खोलकर शव को बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि आदित्य दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। पिता हरिवंश यादव दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। बेटे की मौत के बाद मां शीला का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्या ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।