आजमगढ़। हरिश्चन्द्र मिश्रा पब्लिक स्कूल, करतालपुर बायपास (HMPS) में वार्षिक प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक और रचनात्मकता से भरपूर अपने नवाचारपूर्ण मॉडल प्रस्तुत किए।
मुख्य केंद्र एरोमॉडलिंग, ह्यूमनॉइड रोबोट और रोबोटिक्स रहा। रिमोट से उड़ने वाले ड्रोन द्वारा अतिथियों पर हुई पुष्प वर्षा ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस वर्ष प्रदर्शनी की थीम ‘सिनेक्स’ रखी गई, जिसके तहत विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर, पर्यावरण, कला और भाषा विषयों से जुड़े प्रोजेक्ट्स ने दर्शकों का मन जीता। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि IAS अटल कुमार राय, सचिव गृह विभाग, उ. प्र. सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने प्रोजेक्ट्स का अवलोकन कर छात्रों की वैज्ञानिक सोच, तकनीकी कौशल और प्रस्तुति की सराहना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भारत की विविध सांस्कृतिक झलक दिखी, जिसमें पारंपरिक नृत्यों और गीत-संगीत ने दर्शकों को प्रभावित किया। मुख्य अतिथि अटल कुमार राय ने कहा कि स्कूल प्रदर्शनी छात्रों में रचनात्मकता व तकनीकी प्रयोग की भावना बढ़ाती है और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास और नवाचार को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या ज्योति रिछारिया ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
