आज़मगढ़।  पुलिस लाइन में महिला रिक्रुट आरक्षियों के स्वास्थ्य संरक्षण और व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई। पुलिस ड्यूटी के दौरान महिला कर्मियों को आने वाली शारीरिक व मानसिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विशेष मेडिकल अवेयरनेस सेशन का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।


पुलिस लाइन आज़मगढ़ में शुक्रवार को महिला रिक्रुट आरक्षियों के लिए मेडिकल अवेयरनेस सेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला आरक्षियों को उनके स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता और मानसिक संतुलन के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर गायनोलॉजिस्ट डॉ. खुशबु सिंह ने महिला रिक्रुट आरक्षियों को पुलिस ड्यूटी के दौरान अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल से जुड़ी अहम जानकारियां दीं।

डॉ. खुशबु सिंह ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की आवश्यकता, संतुलित आहार, पर्याप्त आराम, तनाव प्रबंधन और व्यक्तिगत हाइजीन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक ड्यूटी, शिफ्ट वर्क और मानसिक दबाव के बीच भी स्वास्थ्य संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। साथ ही महिला आरक्षियों को यह सलाह दी गई कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें और समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लें।

सेशन के दौरान महिला रिक्रुट आरक्षियों ने सक्रिय सहभागिता दिखाई और स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर उपयोगी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण भी मौजूद रहे।