आजमगढ़। जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में पति के साथ बंगलुरू न जाने से नाराज चल रही 24 वर्षीय विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र के मखुनी गांव निवासी चंद्रिका यादव की 24 वर्षीय बेटी प्रियंका की शादी करीब एक वर्ष पूर्व महराजगंज थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी सोनू यादव के साथ हुई थी। सोनू बंगलुरु में जेसीबी चालक के रूप में कार्य करता है।
बताया गया कि सोनू एक माह पूर्व घर आया था और करीब पखवारे भर पहले वापस बंगलुरु चला गया। प्रियंका पति के साथ बंगलुरु जाना चाहती थी, लेकिन सोनू ने अगली बार साथ ले जाने की बात कही थी। इसी बात को लेकर वह नाराज चल रही थी। बुधवार को उसने पति और अपनी मां शकुंतला से फोन पर बातचीत की थी। दोपहर में पति से फोन पर विवाद भी हुआ था।
दोपहर बाद परिवार के अन्य सदस्य खेत चले गए थे और प्रियंका घर में अकेली थी। शाम को उसकी ननद स्कूल से घर लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। खिड़की से झांककर देखने पर प्रियंका का शव टीनशेड की पाइप से दुपट्टे के सहारे लटकता दिखाई दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
