रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना पुलिस ने बेलईसा ओवरब्रिज के नीचे से एक शातिर अंतर्जनपदीय मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के छह मोबाइल फोन (कीमत लगभग चार लाख रुपये) बरामद किए हैं। पकड़ा गया अभियुक्त कई जनपदों में मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है और उसके खिलाफ पूर्व में भी अनेक मुकदमे दर्ज हैं।
शनिवार को थाना सिधारी के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह हमराह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बेलईसा ओवरब्रिज के नीचे एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के छह मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान शेखर महतो पुत्र गोलकिया महतो निवासी महराजपुर, थाना तालझारी, जिला साहेबगंज (झारखंड) के रूप में हुई।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को चिन्हित कर उनकी जेब, बैग या हाथ में रखे मोबाइल पर नजर रखता था। भीड़ का फायदा उठाकर वह जेब से मोबाइल निकाल लेता, बैग की चेन खोलकर फोन चोरी कर लेता या असावधानी की स्थिति में मोबाइल लेकर भीड़ में गायब हो जाता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अन्य चोरों से सस्ते दाम पर चोरी के मोबाइल खरीदकर आगे बेचता था, जिससे उसे अवैध आर्थिक लाभ होता था।
बरामद मोबाइल विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए बताए जा रहे हैं। पुलिस इनके संबंध में जानकारी जुटाकर अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि
अभियुक्त शेखर महतो एक शातिर व आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध झांसी व मऊ समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
