आज़मगढ़। गुरुवार को मेहनगर तहसील के ग्राम सभा इनवल स्थित सीएससी भवन में जरूरतमंदों के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गरीबों, किसानों, विधवाओं एवं वृद्ध महिलाओं-पुरुषों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कुल 120 जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने आयोजकों को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के कमजोर वर्गों को ठंड से बचाने का संदेश दिया गया। कंबल वितरण के समय ग्रामीणों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद रही। इस अवसर पर अरविंद कुमार, मनोज कुमार, विजय बहादुर कुमार, अजीत उर्फ छोटू, उमा राम, अच्छेलाल यादव, हीरालाल यादव, अजय यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सराहते हुए इसे समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रवण कुमार यादव, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष (मजदूर सभा) भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की मदद करना ही सच्ची राजनीति और समाजसेवा है। ऐसे कार्यक्रम आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
वहीं कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि कड़ाके की ठंड में कंबल वितरण जैसे आयोजन गरीब और बेसहारा लोगों के लिए बड़ी राहत होते हैं। उन्होंने कहा कि हर साल इस तरह का आयोजन होना सराहनीय है और इससे समाज में आपसी भाईचारे व सहयोग की भावना मजबूत होती है। ग्रामीणों ने आयोजकों से भविष्य में भी इसी तरह जरूरतमंदों की मदद करते रहने की अपील की।
