रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। शहर कोतवाली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह का खुलासा करते हुए चार बड़ी चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो ज्वेलरी दुकान संचालक भी शामिल हैं। पुलिस ने इनसे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, नकदी और कीमती सामान बरामद किया है। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से सूने मकानों की रेकी करता था और रात में पेचकस की मदद से ताले तोड़कर चोरी करता था। इस गिरोह ने 12 जुलाई को कोल बाजबहादुर और 18 जुलाई को जज कॉलोनी स्थित न्यायिक अधिकारियों के सरकारी आवासों में लाखों की चोरी की थी। इसके अलावा सिधारी और मेंहनगर थाना क्षेत्रों में भी इन्हीं के द्वारा चोरी की गई थी।

पुलिस को काफी समय से इस गिरोह की तलाश थी और शुक्रवार रात को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने ठंडी सड़क स्थित बंधा रोड से पांच आरोपियों को उस समय दबोच लिया जब वे चोरी के माल की बिक्री और बंटवारे की तैयारी कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मेंहनगर थाना क्षेत्र के लौदा ईमादपुर गांव निवासी अंकित, विशाल चौहान, रोशन गुप्ता और मेंहनगर कस्बा निवासी विजय सेठ उर्फ कोमल व पवन सेठ शामिल हैं। पूछताछ में इन लोगों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान मकानों को टारगेट करते थे और चोरी का माल बाद में ज्वेलर्स को बेच देते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि विजय सेठ ‘रिया ज्वेलर्स’ और पवन सेठ ‘पवन ज्वेलर्स’ के नाम से मेंहनगर में आभूषण की दुकानें चलाते हैं। ये दोनों चोरी के सोने-चांदी के गहने सस्ते दामों में खरीदकर अपनी दुकानों पर बेचते थे। बरामद माल में सोने की चेन, अंगूठी, झुमका, बाली, चांदी की पायल, बिछिया, दो कीमती घड़ियां और ₹31,500 नकद शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विशाल चौहान पर दिल्ली और आजमगढ़ में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि बाकी आरोपियों पर भी विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गिरोह के बाकी नेटवर्क और खरीददारों की तलाश में जुटी है।
