आजमगढ़। जिले के थाना कप्तानगंज एवं साइबर सेल की टीम ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाकर पीड़िता की फोटो-वीडियो वायरल करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया। आरोपी से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना कप्तानगंज क्षेत्र की एक महिला की फोटो और वीडियो किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर फेक आईडी बनाकर वायरल की। इससे पीड़िता की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंच रहा था और उसके परिजनों को भी आपत्तिजनक सामग्री भेजकर परेशान किया जा रहा था। पीड़िता ने NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर 17 अक्टूबर को धारा 66D, 67 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत साइबर सेल एवं थाना कप्तानगंज की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपी अनुराग सोनकर पुत्र राजू सोनकर निवासी कस्बा कप्तानगंज को शनिवार को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिससे अश्लील/आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किए जा रहे थे।
