आज़मगढ़। जिले में बुधवार की शाम को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में शिक्षक समेत दो साइकिल सवार वृद्ध व्यक्तियों की मौत हो गई

पहली घटना फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के युसुफ़पुर खानपुर मोड़ के पास हुई। यहां मुहचुरा गांव निवासी 66 वर्षीय निजी स्कूल शिक्षक कामता यादव रोज की तरह महादेव इंटर कॉलेज, डेमरी सिकरौर से ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को क्षेत्रीय लोगों की मदद से आज़मगढ़ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

दूसरी घटना निजामाबाद थाना क्षेत्र के असीलपुर गांव के समीप हुई। यहां 65 वर्षीय हरीराम पुत्र राजबली, निवासी कोटिया जहांगीरपुर, फरिहा बाजार से साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक की टक्कर से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों हादसों से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।