रिपोर्ट: अभिषेक /अरुण यादव

आजमगढ़। गणतंत्र दिवस के मौके पर बीती रात थाना जहानागंज पुलिस और अंतर्राज्यीय शराब तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान करीब दस लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मुठभेड़ में एक शराब तस्कर गोली लगने से घायल हुआ, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गणतंत्र दिवस के दृष्टिगत थाना जहानागंज पुलिस क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं पैदल गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ शराब तस्कर बिहार नम्बर की चारपहिया मालवाहक वाहन (लोडर) से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लेकर चिरैयाकोट–मऊ मार्ग होते हुए बिहार ले जाने वाले हैं।

सूचना के बाद थानाध्यक्ष जहानागंज अतुल कुमार मिश्र के नेतृत्व में साईं ढाबा के पास भुजही मोड़ पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की गई। कुछ ही देर में जहानागंज की ओर से आती एक संदिग्ध बिहार नम्बर की मालवाहक वाहन दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वाहन चालक बैरियर तोड़ते हुए तेज रफ्तार में चिरैयाकोट की ओर भागने लगा।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया। लंगड़ा बाबा मैदान के पास वाहन ईंटों के ढेर में फंसकर रुक गई। खुद को घिरा देख वाहन में सवार दो शराब तस्करों ने पुलिस टीम को गाली देते हुए अवैध तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियंत्रित जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक शराब तस्कर के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा भागने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया गया।
घायल शराब तस्कर ने अपना नाम कुन्दन कुमार पुत्र हरेन्द्र राय  निवासी लोदीपुर चिरान, थाना डोरीगंज, जिला छपरा बिहार बताया, जबकि गिरफ्तार दूसरे शराब तस्कर ने अपना नाम रंजन कुमार पुत्र लल्लन राय निवासी लोदीपुर चिरान, थाना डोरीगंज, जिला छपरा बिहार बताया।
पुलिस ने दोनों शराब तस्करों के कब्जे से 2880 टेट्रा पैक अवैध अंग्रेजी शराब कुल 518.4 लीटर, कीमत लगभग 10 लाख रुपये, दो अवैध तमंचा, कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी चारपहिया मालवाहक वाहन, मोबाइल फोन, नकद धनराशि और वाहन की चाभी बरामद की है।


घायल शराब तस्कर को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे शराब तस्कर के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि बिहार में शराबबंदी के चलते वे उत्तर प्रदेश से शराब लाकर बिहार में ऊँचे दामों पर बेचते थे और पुलिस से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट व अवैध हथियारों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस के अनुसार घायल शराब तस्कर कुन्दन कुमार पर बिहार के डोरीगंज थाना क्षेत्र में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि बीती रात जहानागंज क्षेत्र में  मुठभेड़ के बाद दो  शराब तस्करों को पुलिस ने  गिरफ्तार किया  है। जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने एक लोडर वाहन  से 260 पेटी अवैध शराब बरामद की है।