रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई चांदी की पायल और नकदी बरामद की है।
बीते नौ अक्टूबर को गुलशन बानो पत्नी अफताब आलम उर्फ चुन्नु, निवासी ग्राम नंदाव, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ ने थाना स्थानीय पर लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया था कि अज्ञात अभियुक्त द्वारा उनके घर का ताला तोड़कर अटैची में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं ₹3000 नगद चोरी कर लिए गए हैं। इस संबंध में थाना सरायमीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
पुलिस द्वारा मामले की जांच के दौरान शनिवार को उपनिरीक्षक जयशंकर प्रसाद राठौर अपनी टीम के साथ संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कमालपुर मोड़ (नरदह पुलिया के पास) मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नदीम पुत्र हैदर अली, निवासी ग्राम कुजियारी, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ बताया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक जोड़ी चांदी की पायल तथा ₹1000 नगद बरामद किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने 6 अक्टूबर की रात ग्राम नंदाव में बंद मकान में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था और शेष बचे जेवरात व नकदी को बेचने की फिराक में था।
