आज़मगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में एक युवती ने दूसरे धर्म के युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और गर्भवती होने पर गर्भपात का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने अहिरौला निवासी शादाब पर आरोप लगाया है कि वह पिछले लगभग छह वर्षों से उसके संपर्क में था। युवती का कहना है कि युवक ने उससे विवाह का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इस दौरान एक बार वह गर्भवती हुई तो युवक ने जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया।
पीड़िता ने अपनी तहरीर में बताया कि वर्तमान में वह करीब दो माह की गर्भवती है। आरोप है कि इस बार भी युवक उस पर गर्भपात कराने का दबाव बना रहा था। साथ ही, युवक और उसके परिजनों ने उसकी सगाई दूसरी जगह तय कर दी है और अब शादी से साफ इनकार कर रहे हैं।
युवती ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है।
