आज़मगढ़ । जिले में 24 दिसंबर से 28 दिसंबर 2025 तक आयोजित होने जा रहे आज़मगढ़ महोत्सव 2025 की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक इंतज़ामों का अवलोकन किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि महोत्सव को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महोत्सव के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क व प्रतिबद्ध रहेगी।


जिला प्रशासन आज़मगढ़ द्वारा आयोजित इस महोत्सव के तहत 24 से 28 दिसंबर तक प्रतिदिन अपराह्न 4 बजे से सायं 7 बजे तक स्कूली बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही 24 दिसंबर को शाम 7 से 9 बजे तक अंजुम रहबर व अन्य कलाकारों द्वारा ग़ज़ल संध्या, 25 दिसंबर को हरिहरपुर घराना के कलाकारों द्वारा भजन संध्या, 26 दिसंबर को डॉ. सुनील जोगी, शंभू शिखर, सर्वेश अस्थाना, प्रियांशु गजेंद्र, नीलोत्पल मृणाल, मणिक दुबे, विकास बौखल सहित अन्य कवियों का कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 27 दिसंबर को इंडियन आइडल फेम जतिन निगम द्वारा बॉलीवुड नाइट तथा 28 दिसंबर को समापन अवसर पर अरविंद अकेला (कल्लू) एवं डिंपल सिंह द्वारा भोजपुरी नाइट का आयोजन होगा।


महोत्सव के दौरान दर्शकों के मनोरंजन और जानकारी के लिए फन फेयर झूला मेला, फूड कोर्ट, ओडीओपी स्टाल, खादी ग्रामोद्योग स्टाल, विभिन्न विभागीय योजनाओं के स्टाल तथा वाहन प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे आज़मगढ़ महोत्सव 2025 आमजन के लिए सांस्कृतिक, मनोरंजक और जानकारीपूर्ण आयोजन बन सकेगा।