रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। शहर कोतवाली के अतलस पोखरा के समीप बीती रात विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद सोमवार की सुबह मायका पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका गुंजा (25) की शादी करीब ढाई वर्ष पूर्व अतलस पोखरा निवासी संदीप ठठेरा से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, यह उसकी पहली डिलेवरी थी। रविवार को तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर मिनी पीजीआई चक्रपानपुर रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शव को घर लाने के बाद सोमवार की सुबह मायका पक्ष ने महिला के नाक से खून निकलने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि ब्लड प्रेशर बढ़ने से नाक से खून निकला था। हगामा बढ़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
